विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
2 करोड़ रुपये की हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, एक गिरफ्तार
कोलकाता। कोलकाता पुलिस के डिटेक्टिव विभाग की नारकोटिक सेल ने एक गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और ठिकाने से कुल 7.003 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त की गई इस ड्रग्स की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। मादक पदार्थों के अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 76,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, नारकोटिक सेल ने सबसे पहले कस्बा थाना क्षेत्र के टैगोर पार्क स्थित शंकर गेस्ट हाउस में छापेमारी कर हसन अली (28) को दबोचा, जो तिलजला थाना क्षेत्र के चौबागा रोड का रहने वाला है। गेस्ट हाउस के कमरे से प्रारंभिक तलाशी में 558 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा और नकदी बरामद हुई। इसके बाद, कड़ी पूछताछ में हसन ने कबूला कि उसने अपने घर पर भी ड्रग्स की एक बड़ी खेप छिपा रखी है। पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को साथ लेकर तिलजला स्थित उसके आवास पर छापा मारा, जहां पूरी कानूनी प्रक्रिया और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच 6.445 किलोग्राम और गांजा बरामद किया गया।
इस बड़ी कामयाबी के बाद कस्बा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच डिटेक्टिव विभाग को सौंप दी गई है। पूछताछ में गिरफ्तार हसन अली ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसे यह खेप उसके एक फरार साथी से मिली थी, जो हाल ही में बैंकॉक (थाईलैंड) से करीब 12 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ भारत लेकर आया था। पुलिस अब इस मामले में अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क और विदेशी कडिय़ों की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच का दायरा बढ़ा रही है। फिलहाल मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।